Biography

Author Picture

डॉ. दीपक कुमार मेहरोत्रा

डॉक्टर दीपक कुमार मेहरोत्रा का जन्म सन् 1951 ईसवी को चौक, लखनऊ में हुआ । पुराने लखनऊ में पले, बढ़े, पढ़े और यहाँ की गंगा जमुनी तहजीब को आत्मसात किया। प्रारम्भ से ही विज्ञान के मेधावी विद्यार्थी होने के बावजूद हिन्दी और उर्दू विधाओं में पढ़ने और लिखने का शौक रहा। स्कूल और कॉलेज की पत्रिकाओं और समाचार पत्रों के लिए छुटपुट लिखते रहे । अवधी भाषा से प्रभावित रचनायें पाठक के हृदय को छू जाती थीं । कालान्तर में लखनऊ विश्वविद्यालय से भू-विज्ञान में पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त की और फिर भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, खान मंत्रालय, भारत सरकार में सन् 1974 ईसवी में भूवैज्ञानिक के पद पर सेवा प्रारम्भ की। राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पचास से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए। सेवाकाल के दौरान तकनीकी प्रशासन और सतर्कता प्रशासन सम्बन्धी विषयों में दक्षता प्राप्त की। सन् 2011 ईसवी में निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए।
सेवाकाल के दौरान विभागीय पत्रिकाओं में इनकी रचनाएँ प्रकाशित होती रहीं परन्तु उत्तरदायित्वों के बोझ तले लेखनी अवसर कम ही पाती थी । सेवानिवृत्ति के उपरान्त दीपक जी के हृदय में सुप्त भावनाओं ने करवट ली और पाठक के हृदय के तारों को झंकृत करने वाली रूमानी और दार्शनिक रचनाएँ लेखनी से निकलने लगी ।
वर्तमान में रामचरित मानस में वर्णित प्रबंधन सूत्र पर एक शोध ग्रन्थ पर कार्य चल रहा है जो शीघ्र ही प्रकाशित होगा ।